
बुलंदशहर {मनस्वी वाणी}
थाना अहमदगढ़ क्षेत्र में डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मी की इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी प्रसारित हो रहा है। पुलिसकर्मी महिलाओं को अनोखी सलाह दे रहा है कि अपने शराबी पतियों पर लट्ठ बजाओ। यह सरकार का प्रोजेक्ट है, इसे बंद नहीं कर सकते। अपने आदमी, बेटे एवं भाई को रोको और टांग तोड़ दो। यह वीडियो अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के मोरजपुर गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर महिलाओं के प्रदर्शन करने के दौरान का है। बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र होकर मोरजपुर देशी शराब के ठेके पर पहुंचीं और प्रदर्शन करते हुए उन्होंने शराब की दुकान बंद करने की मांग की। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक मिनट आठ सेकेंड के वीडियो में मौके पर पहुंचे डायल 112 के पुलिसकर्मी से महिलाएं जान से मरवाने की बात कह रही हैं। शराब पीकर उनके पति पीटते हैं, युवा पुत्र एवं भाई गलत संगत में पड़ रहे हैं। जिस पर पुलिसकर्मी सरकार का प्रोजेक्ट बताते हुए लाइसेंस देकर शराब के ठेके चलना कह रहे हैं।ठेके संचालक कोई गलत काम नहीं कर रहा, शराब बेचने का उसके पास लाइसेंस है, इसके लिए उसने सरकार को फीस जमा की है। आप अपने पति, भाई और बच्चों को शराब पीने से रोकिए, अगर वे नहीं मानते तो लट्ठ से टांग-वांग तोड़ दो। उसके बाद पुलिस कर्मी महिलाओं को हंगामा करने पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं और शराब के ठेके को बंद नहीं कराने की बात कह रहे हैं।पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं को अनोखी सलाह देने का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है। पुलिसकर्मियों का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बड़ी तेजी से प्रसारित हो रहा है।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. तेजवीर सिंह का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर इस प्रकार का कोई वीडियो प्रसारित होने का प्रकरण संज्ञान में नहीं है। अगर किसी पुलिस कर्मी ने ऐसा कहा है, तो गलत है। मामले की जांच कराकर पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी



