पश्चिम एशिया संकट पर सर्वदलीय बैठक, सरकार ने हालात सामान्य बताए
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व्यक्तिगत कारणों से बैठक में शामिल नहीं

नई दिल्ली:: पश्चिम एशिया संकट पर सर्वदलीय बैठक में सरकार ने हालात सामान्य बताए। सभी दलों ने समर्थन दिया, तेल की कमी से इनकार। राहुल गांधी व्यक्तिगत कारणों से बैठक में शामिल नहीं हुए।
केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य सभी राजनीतिक दलों को मौजूदा स्थिति की जानकारी देना और साझा रणनीति पर चर्चा करना था। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। साथ ही यह भी कहा गया कि देश में तेल की कोई कमी नहीं है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेण रिजिजू ने बताया कि सभी दलों ने बैठक में हिस्सा लिया और सरकार के साथ खड़े रहने का भरोसा जताया। हालांकि, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व्यक्तिगत कारणों से बैठक में शामिल नहीं हुए।



