
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में युवती को शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने और अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। युवती ने 12 फरवरी को थाने में शिकायत की थी। पुलिस मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश कर रही थी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि युवती ने पुलिस को बताया था कि अमित कुमार ने उसे प्रेम जाल में फंसाया। आरोपी ने जूस मे नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसे पत्नी की तरह साथ रखते हुए लगातार यौन उत्पीड़न करता रहा। आरोपी ने उनके अश्लील वीडियो भी बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी भी दी।
एसीपी ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि युवती से उसकी मुलाकात करीब तीन वर्ष पहले शिकोहाबाद में हुई थी। जिसके बाद उनके बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ता गया और शादी का झांसा देकर उसने युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता उस पर बार-बार शादी का दबाव बना रही थी लेकिन, वह हर बार टाल मटोल कर रहा था। इसके बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायालय के आदेश से जेल भेज दिया गया है।



