
- : ईओ ने दिया कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का सख्त निर्देश
- :सराय में रहने वाले लोगों में मचा हड़कंप
- :यदि किसी के पास वैध कागजात हैं, तो वे नगर पालिका कार्यालय में कर सकते हैं जमा : ईओ
मनस्वी वाणी संवाददाता
मुरादनगर। नगर की प्राचीन धरोहर सराय मुरादनगर पर दबंगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने आखिरकार कड़ा रुख अपना लिया है। वर्षों से सराय की सरकारी जमीन पर कब्जा जमाकर अवैध टावर लगवाने वाले कब्जाधारक टावर कंपनियों से लाखों रुपये मासिक किराया वसूल रहे थे। हेल्प एशियन फाउंडेशन नामक सामाजिक संस्था की शिकायत पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का सख्त निर्देश दिया है। इस कार्रवाई से सराय में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय निवासियों ने इसका स्वागत किया है।

अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने नोटिस में स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि ऐतिहासिक सराय जैसी इमारत पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा सरकारी और ऐतिहासिक संपत्ति पर अतिक्रमण करने वालों को हर हाल में हटाया जाएगा। तय समय सीमा के भीतर कब्जा न हटाने पर प्रशासन बुल्डोजर चलाकर कार्रवाई करेगा और पूरा खर्च कब्जाधारियों से वसूला जाएगा। यदि किसी के पास वैध कागजात हैं, तो वे नगर पालिका कार्यालय में जमा कर सकते हैं। यह नोटिस जारी होते ही कब्जाधारकों में अफरा-तफरी मच गई है। अब देखना यह है नगर पालिका कब्जा हटाने की कार्रवाई शक्ति के साथ करती है या फिर यह आदेश दिखावा बनकर रह जाएगा।
______
सराय मुरादनगर क्षेत्र की एक प्रमुख ऐतिहासिक पहचान :
मुगल कालीन वास्तुकला की यह इमारत यात्रियों के ठहरने के लिए बनाई गई थी, जो आज भी अपनी भव्यता से लोगों को आकर्षित करती है। लेकिन पिछले कई वर्षों से इसकी सरकारी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया था। यहां लगे मोबाइल टावरों से कब्जाधारक प्रति माह लाखों रुपये कमाई कर रहे थे, जबकि सराय की मूल संरचना क्षतिग्रस्त होती जा रही थी। हेल्प एशियन फाउंडेशन से जुड़े लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस मुद्दे को उठाया था। सराय जैसी धरोहर को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। नगर पालिका की इस पहल का हम स्वागत करते हैं।
________
- ऐतिहासिक सराय में रहने वाले इन लोगों को दिए गए नोटिस :
- 01, मकसूद पुत्र अब्दुल,
- 02, मुकीम पुत्र सईद,
- 03, फ़ासिल पुत्र महफूज,
- 04, सरताज पुत्र अब्दुल,
- 05, रहम इलाही पुत्र मेहरू,
- 06, मुल्ला तौसीफ पुत्र रशीद,
- 07, दिलशाद पुत्र इश्तियाक,
- 08, गुलफाम पुत्र जुल्लन,
- 09, अम्मी पत्नी निजामुद्दीन,
- 10, मकसूद पुत्र यामीन,
- 11, यूसुफ पुत्र इब्राहीम,
- 12, मुशीद पुत्र सईद,
- 13, गुलज़ार पुत्र अलीमुद्दीन,
- 14, रफीक पुत्र मजीद,
- 15, एजाज अहमद पुत्र हफीजुद्दीन इनके अलावा भी अन्य लोगों के खिलाफ भी नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी ने नोटिस जारी किए हैं।



