
– पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
दीपक त्यागी/ मोदीनगर,संवाददाता।
रसोई गैस सिलेंडर दिलाने के बहाने युवती को खेत मे ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। अश्लील वीडियो बनाकर दो दिन तक युवती को ब्लैकमेल किया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव निवासी एक युवती का रसोई गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। युवती ने पड़ोस में रहने वाले 40 वर्षीय अरविंद कुमार से कहीं। शुक्रवार दोपहर को अरविंद कुमार युवती को सिलेंडर दिलाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह युवती को ईख के खेत में ले गया और दुष्कर्म करने लगा। इसी बीच गांव निवासी पकंज आ गया और उसने वीडियो बना ली। पकंज वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि पंकज ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। दोनों युवक दुष्कर्म करने के बाद युवती को ईख के खेत ही छोड़कर भाग गए। किसी तरह युवती अपने घर आ गई। पकंज ने युवती को वीडियो वायरल करने की धमकी दी। उसने कहा कि जब भी बुलाया जाएगा,तुझे आना होगा। यदि नहीं आई तो वीडियो वायरल कर दिया दिया जाएगा। इसके बाद युवती ने यह बात परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन युवती को लेकर भोजपुर थाने पहुंचे और तहरीर दी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती का मेडिकल कराकर उसके मजिस्ट्रैट के समक्ष बयान दर्ज करा दिए गए है। इस मामले में आरोपी अरविंद कुमार व पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है।



