
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ स्थित होटल द सेन्ट्रम में टाइम्स नाउ नवभारत द्वारा आयोजित ‘नवनिर्माण मंच – गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश प्रगति का महामार्ग’ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश, रोजगार और महासमृद्धि की दिशा में आगे ले जाने वाला परिवर्तनकारी महामार्ग है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तीव्र गति से आधारभूत ढांचे का विकास हो रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हो रहे व्यापक विकास कार्य ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कार्यक्रम के विषय “महामार्ग से महासमृद्धि” पर अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रदेश सरकार “विरासत भी, विकास भी” की भावना के साथ आगे बढ़ रही है। हमारी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक विकास कार्यों को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक ऊर्जा संकट के दौर में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं राष्ट्रहित में किए गए आह्वान पर सभी नागरिकों को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। प्रधानमंत्री जी की सोच में राष्ट्रहित सर्वाेपरि है और भारत सदैव “विश्व बन्धुत्व” तथा “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना का पक्षधर रहा है। उप मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में आधी आबादी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को कोटि-कोटि वंदन है, जिनके योगदान से समाज और राष्ट्र निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वहां जाकर मंदिर के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक चेतना पर प्रकाश डाला, जो देश की आस्था और विरासत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। श्री मौर्य ने कहा कि सरकार न्याय, लोकतंत्र और सम्मानजनक संवाद की पक्षधर है। हम अपने विपक्षी दलों का नाम भी आदर और सम्मान के साथ लेते हैं। लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद और सकारात्मक राजनीति आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ प्रदेश को देश की विकास यात्रा को गति प्रदान करेगा।



