
बुलंदशहर {मनस्वी वाणी}ककोड़ थाना क्षेत्र के एक ईंट व्यापारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत दी है। व्यापारी ने कुछ लोगों पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित के अनुसार, यह घटना 8 जून को हुई थी। वह ईंटों की बिक्री के लगभग डेढ़ लाख रुपये लेकर अपने साथी के साथ वापस लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित के पास से नकदी, एक बाइक और एक कार छीन ली। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़ित ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को लूटी गई नकदी, बाइक और कार बरामद कर ली है। साथ ही, एक आरोपी को हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पक्ष के कुछ लोग और उनके परिचित लगातार उस पर मामले में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं।शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि वह समझौता करता है, तो इससे गलत संदेश जाएगा। उनका मानना है कि भविष्य में आरोपी अन्य लोगों के साथ भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इसी कारण वह एसएसपी कार्यालय पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।



