
मुरादनगर में आयोजित योग शिविर में सैकड़ों लोगों ने लिया भाग
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुरादनगर में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं खेलकूद विभाग के जिला अध्यक्ष आचार्य विकास कुमार त्यागी ने किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्हें प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रात: 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकतार्ओं और क्षेत्र के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, देवदत्त त्यागी, नदीम त्यागी, ब्लॉक अध्यक्ष रूपेश त्यागी, प्रदेश महासचिव किसान मोर्चा विश्व दीप त्यागी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आचार्य विकास कुमार त्यागी के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ जीवन के लिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को निरोग जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।



