
प्रोजेक्ट सक्षम के तहत जिला प्रशासन ने प्रदान किया रोजगार कियोस्क, सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ा कदम
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। जिला प्रशासन गाजियाबाद एवं नीव शक्ति संस्था द्वारा संचालित प्रोजेक्ट सक्षम के अंतर्गत मंगलवार को एक सराहनीय पहल करते हुए एक जरूरतमंद वृद्ध महिला और उनकी विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांग) पुत्री को आजीविका के लिए रोजगार कियोस्क उपलब्ध कराया गया। इस पहल से दोनों को आत्मनिर्भर बनने का नया अवसर मिला है।
यह कार्यक्रम जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ (आईएएस) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। रोजगार कियोस्क मिलने से अब मां-बेटी को नियमित आय का साधन उपलब्ध होगा, जिससे उनके जीवनयापन में सहूलियत आएगी और वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन जी सकेंगी।
प्रोजेक्ट सक्षम का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता के बजाय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। अधिकारियों ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए इस प्रकार की पहलें बेहद महत्वपूर्ण हैं।
नीव शक्ति संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि कियोस्क केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और स्वाभिमान का प्रतीक भी है। इससे लाभार्थियों को समाज में नई पहचान मिलेगी और वे दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन सकेंगे। इस अवसर पर संस्था की ओर से जिला प्रशासन, रोटरी क्लब आॅफ गाजियाबाद विकास तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से ही जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का यह प्रयास सफल हो पाया है।



