
मुख्य प्रवेश द्वार का होगा सौंदर्यीकरण, सुरक्षा बढ़ाने के लिए क्षेत्रवासियों का मिल रहा व्यापक समर्थन
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन स्थित दयानंद पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहली बार हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। दयानंद पार्क आवासीय विकास समिति के प्रयासों से शुरू हुई इस जनहित परियोजना को क्षेत्रवासियों का लगातार समर्थन मिल रहा है। समिति का कहना है कि यह कार्य पूरे शालीमार गार्डन क्षेत्र के विकास और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
समिति के अनुसार हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट लगने के बाद दयानंद पार्क के मुख्य द्वार से लेकर प्लेनेट किड्स स्कूल, 8 नंबर और 6 नंबर प्लॉट सहित आसपास के बड़े क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध होगी। इसके साथ ही नगर निगम के सहयोग से मुख्य प्रवेश द्वार का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। हाईमास्ट पोल पर तिरंगा थीम आधारित आकर्षक एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे प्रवेश द्वार की भव्यता और बढ़ेगी।
समिति का कहना है कि यह परियोजना केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करेगी। पर्याप्त रोशनी से सड़क पर तेज गति से चलने वाले वाहनों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी, सीसीटीवी कैमरों में वाहनों की पहचान अधिक स्पष्ट होगी तथा पार्क परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
समिति ने बताया कि इस जनहित कार्य के समर्थन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी आगे आ रहे हैं और सहयोग दे रहे हैं। उनका मानना है कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास तभी संभव है, जब स्थानीय निवासी व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर सामूहिक विकास को प्राथमिकता दें।
दयानंद पार्क आवासीय विकास समिति ने परियोजना को समर्थन देने वाले सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए नागरिकों से सुरक्षित, स्वच्छ और सुंदर शालीमार गार्डन के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।



