
इंदिरा भवन में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर पूजा चड्ढा की पुत्री को दी शुभकामनाएं, आत्मीय मुलाकात रही चर्चा का विषय
मनस्वी वाणी, संवाददाता
नई दिल्ली/गाजियाबाद। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर पूजा चड्ढा की पुत्री नायरा का जन्मदिन 29 जुलाई को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय इंदिरा भवन में स्नेहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी ने नायरा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके साथ आत्मीय मुलाकात की।
जन्मदिन के दौरान नायरा ने राहुल गांधी को चॉकलेट भेंट की, जिसे उन्होंने स्नेहपूर्वक स्वीकार किया। इसके बाद नायरा ने अपने हाथों से बनाया हुआ एक शुभकामना कार्ड राहुल गांधी को दिया। राहुल गांधी ने कार्ड को अपने पास सुरक्षित रखते हुए नायरा का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान मौजूद पूजा चड्ढा और उनका परिवार भावुक नजर आया।
मुलाकात के दौरान नायरा अपने पालतू डॉगी को भी साथ लेकर पहुंची थी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उसके साथ भी कुछ समय बिताया और परिवार से आत्मीय बातचीत की। दोनों नेताओं ने करीब 20 मिनट तक नायरा के साथ समय बिताते हुए उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
पूजा चड्ढा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पुत्री के लिए यह जन्मदिन जीवनभर यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का बच्चों के प्रति स्नेह, सहज व्यवहार और अपनापन उनके परिवार के लिए विशेष अनुभव रहा। इस अवसर पर कांग्रेस परिवार और शुभचिंतकों ने भी नायरा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया तथा विभिन्न समाचार माध्यमों में भी चर्चा का विषय बने।



