
गुजरात से धागा लेकर मेरठ जा रहा था ड्राइवर
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्रक के अंदर चालक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय मदनपाल पुत्र केदार, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मदनपाल गुजरात से धागा लेकर मेरठ की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनका ट्रक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी थाना क्षेत्र में खड़ा मिला। जब काफी देर तक चालक की कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी तो आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक की जांच की, जहां चालक का शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया ताकि घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल चालक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, किसी बीमारी के चलते हुई या फिर इसके पीछे कोई अन्य संदिग्ध परिस्थिति है।
एसीपी सुनील कुमार ने बताया कि इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही चालक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



