
मुख्य शिकायतकर्ता ने कार्रवाई को बताया विधिसम्मत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन का जताया आभार
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण की प्रशासनिक कार्रवाई का मुख्य शिकायतकर्ता एवं बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने स्वागत किया है। उन्होंने कार्रवाई को न्यायसंगत और विधिसम्मत बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा जिला प्रशासन का आभार जताया।
विकास त्यागी ने कहा कि उनके अनुसार पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेशों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। उन्होंने 2 सितंबर को जिला जज द्वारा इस प्रकरण में दिए गए फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यह संदेश गया है कि देश और प्रदेश में कानून सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि सरकारी परिसरों और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण या निर्माण को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, लंबे समय तक चली कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद यह कार्रवाई हुई है और प्रत्येक चरण में कानून का पालन किया गया।
विकास त्यागी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आम लोगों का न्यायपालिका और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से अपेक्षा की कि भविष्य में भी सरकारी परिसरों और सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।



