उत्तर प्रदेश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी नहीं हुआ समस्याओं का समाधान, किसानों ने दिया धरना

चकरोड़ की पैमाइश व रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर एसडीएम से हुई नोकझोंक, 28 शिकायतों में एक का निस्तारण

मनोज मिड्ढा 

नकुड़ (सहारनपुर)। ब्लॉक सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब खेतों तक जाने वाली सरकारी चकरोड़ की पैमाइश और उसे खुलवाने की मांग को लेकर एक किसान की एसडीएम से नोकझोंक हो गई। किसान का आरोप था कि वह कई बार प्रार्थना पत्र और आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत कर चुका है, लेकिन मौके पर चकरोड़ नहीं खुलवाई गई। इसके बावजूद उसकी शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया गया।

खारीबांस निवासी किसान राजेंद्र का आरोप है कि उसके खेत से मिलते हुए खसरा संख्या 11 व 68 में स्थित चकरोड़ को खुलवाने के लिए उसने कई बार तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया और आईजीआरएस पर भी शिकायत दर्ज कराई। किसान के अनुसार, शिकायत पर निस्तारण की रिपोर्ट लगा दी गई, जबकि मौके पर चकरोड़ की स्थिति जस की तस बनी हुई है। शनिवार को समाधान दिवस में उसने एसडीएम निधि भारद्वाज के सामने अपनी समस्या रखी। इसी दौरान दोनों के बीच नोकझोंक हो गई।

एसडीएम ने किसान को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग को लेकर नाराज नजर आया। बाद में वह चकरोड़ की पैमाइश की मांग को लेकर आए दूसरे पक्ष के साथ धरने पर बैठ गया। देर शाम तक किसान धरने पर डटे रहे।

इसी तरह ग्राम सरूरपुर तगा निवासी किसान नितिन ने भी आरोप लगाया कि चकरोड़ खुलवाने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। किसानों ने तहसील प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया। किसानों के समर्थन में धरने पर बैठे अखंड भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष त्यागी ने भी आरोप लगाया कि अधिकारियों पर नेताओं का दबाव है, जिसके चलते पीड़ित किसानों को धरने पर बैठना पड़ रहा है।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 28 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से मौके पर केवल एक शिकायत का निस्तारण कराया जा सका। एक ही शिकायत के बार-बार आने पर एसडीएम निधि भारद्वाज ने संबंधित कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के आधार पर किया जाए और महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे।

समाधान दिवस समाप्त होने के बाद भी सरूरपुर तगा के ग्रामीण धरने पर बैठे रहे। इस संबंध में एसडीएम निधि भारद्वाज ने कहा कि किसानों ने जो भी समस्याएं बताई हैं, उन्हें सुना गया है। यदि कहीं कोई समस्या है तो उसे दिखवाकर उसका समाधान कराया जाएगा।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button