
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला जन आक्रोश मार्च, पुतला फूंका
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने रविवार को गाजियाबाद में जन आक्रोश मार्च निकाला। वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ के नारे के साथ निकाले गए मार्च में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
सपा जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में मार्च नवयुग मार्केट स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क से शुरू हुआ और गांधी पार्क, लोहिया नगर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकतार्ओं ने मतदाता के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। पार्टी ने दावा किया कि इसका असर पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और विपक्षी विचारधारा से जुड़े मतदाताओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटना गंभीर विषय है।
महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना है और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सपा का यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक किया जाएगा। मार्च के गांधी पार्क पहुंचने के बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पार्टी कार्यकतार्ओं ने राष्ट्रगान गाया। जिला महासचिव नितिन त्यागी ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया और कार्यकतार्ओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दिलाया। इसके बाद पार्क के बाहर कार्यकतार्ओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका पुतला भी फूंका। मार्च में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, हाजी जाकिर, केके शर्मा, राष्ट्रीय सचिव भुवन भास्कर जोशी, प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, बाबू सिंह आर्या, कर्मवीर जाटव, ताहिर हुसैन, श्रवण त्यागी, विक्की ठाकुर, जितेंद्र जाटव, नसीम खान, लाल सिंह यादव, संजू चौधरी, तमन्ना डबास सहित जिला, महानगर, विधानसभा और विभिन्न नगर इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



