
- समर्थकों ने लगाए जोरदार नारे
- दो जमानतदारों ने दी 50-50 हजार रुपये की जमानत
- हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
एमजे चौधरी
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश की हाईटेक जेलों में शुमार डासना स्थित जिला कारागार से समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की रिहाई हो गई। इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया था। बुधवार को गाजियाबाद की विशेष अदालत में जमानत संबंधी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। अदालत की ओर से 50-50 हजार रुपये के दो जमानती निर्धारित किए जाने के बाद जमानतदारों शाहनवाज और जुनेद ने अपनी जमानत दी है। इसके बाद रिहाई परवाना डासना जिला जेल पहुंचा और जेल प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आजम खान को रिहा कर दिया।
समर्थकों ने लगाए नारे
आजम खान की रिहाई की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। डासना जेल के बाहर समर्थकों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। रिहाई के बाद समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए खुशी का इजहार किया। इस दौरान समर्थकों ने ‘जेल के ताले टूटे, आजम खान जेल से छूटे’ के नारे लगाए। काफी समय से आजम खान की रिहाई का इंतजार कर रहे समर्थकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद तेज हुई प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की गई गिरफ्तारी के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में बुधवार को उनके अधिवक्ताओं ने गाजियाबाद की विशेष अदालत में जमानत संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया। अदालत में श्योरिटी फिक्सेशन यानी जमानतदारों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद अदालत ने आजम खान की रिहाई के लिए 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें निर्धारित कीं।
हाईकोर्ट में वकीलों की दलील आई काम
आजम खान के अधिवक्ता मोहम्मद यासिर अब्बासी ने कोर्ट परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल की ओर से रखी गई दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आजम खान को अंतरिम जमानत देने का आदेश पारित किया था। हाईकोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 से 12 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है। इसी आदेश के अनुपालन में गाजियाबाद की विशेष अदालत में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई गई।
स्वास्थ्य को लेकर भी अदालत में दाखिल की गई अर्जी
आजम खान की रिहाई से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया के दौरान उनके स्वास्थ्य का मुद्दा भी अदालत के समक्ष उठाया गया। अधिवक्ता मोहम्मद यासिर अब्बासी ने संवाददाता एमजे चौधरी से बातचीत के दौरान बताया कि आजम खान की मेडिकल हिस्ट्री और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए अदालत में एक अन्य प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया था। इसमें उनके बेहतर उपचार के लिए कार्डियोलॉजिस्ट से परामर्श और इलाज कराने की आवश्यकता बताई गई। अधिवक्ता ने बताया कि इससे पहले भी सेशन कोर्ट की ओर से कार्डियोलॉजिस्ट को दिखाने के संबंध में आदेश पारित किया गया था। इसी मेडिकल हिस्ट्री को आधार बनाते हुए अदालत से अनुरोध किया गया कि आजम खान के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही जमानतदारों के सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान अन्य जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने की अनुमति देने का भी अनुरोध किया गया।
रिहाई परवाना पहुंचते ही जेल प्रशासन ने पूरी की प्रक्रिया
अदालत में जमानत संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने और रिहाई परवाना जारी होने के बाद उसे डासना जिला जेल भेजा गया। जेल प्रशासन को रिहाई परवाना प्राप्त होने के बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आजम खान को जेल से रिहा कर दिया गया। उनकी रिहाई की सूचना मिलते ही समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
सपा के लिए आज़म खान की रिहाई से राहत
आजम खान की रिहाई को समाजवादी पार्टी के समर्थकों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से उनके जेल से बाहर आने का इंतजार कर रहे समर्थकों ने इसे खुशी का अवसर बताया। जेल के बाहर हुई नारेबाजी और समर्थकों के उत्साह ने इस रिहाई को राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बना दिया।
50- 50 हजार के दो ज़मानती
गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान की रिहाई से संबंधित सभी कानूनी औपचारिकताएं गाजियाबाद की विशेष अदालत में पूरी की गईं। दो जमानतदारों की जमानत और अदालत से रिहाई परवाना जारी होने के बाद आखिरकार डासना जिला जेल से उनकी रिहाई का रास्ता खुल गया।



