
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार तड़के दो फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की 15 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 4:30 बजे मिली थी। शुरूआती जानकारी में नरेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित दो फैक्ट्रियों में आग लगने की बात सामने आई। आग की तीव्रता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने करीब पौने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
फिलहाल घटनास्थल पर कूलिंग आॅपरेशन जारी है, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
गैस सिलेंडर में विस्फोट,महिला की मौत
इसी बीच नरेला क्षेत्र के एक गांव में घरेलू गैस सिलेंडर में विस्फोट की अलग घटना में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।


