
पांचों जोन में रोस्टर के अनुसार चल रहा धूल मुक्त अभियान, पानी के छिड़काव के साथ सीएंडडी वेस्ट पर भी कार्रवा
मनस्वी वाणी। संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में वायु गुणवत्ता सुधारने और प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर आधुनिक मशीनों से पानी का छिड़काव करने के साथ ही सड़कों से धूल हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माण एवं स्वास्थ्य विभाग को धूल मुक्त अभियान में तेजी लाने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोडर मशीनों और सफाई मित्रों की मदद से सड़कों के किनारे जमा धूल को हटाया जा रहा है। वहीं, निर्माण विभाग को निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम की ओर से पांचों जोन में रोस्टर के अनुसार अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक उपकरणों के माध्यम से प्रतिदिन प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे धूल के कण हवा में न फैलें। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी संबंधित विभागों को कार्ययोजना के तहत जिम्मेदारी सौंपी गई है। धूल नियंत्रण के लिए नियमित सफाई, पानी का छिड़काव और सीएंडडी वेस्ट के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास पानी का छिड़काव करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम के साथ-साथ जनसहभागिता भी बेहद जरूरी है।



