
डॉ.के. एन. मोदी ग्लोबल स्कूल की शाखा प्रीटी पेंगुइन्स स्कूल में आयोजित स्प्रिंग फ्लिंग कैंप का समापन बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और नन्हे बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सम्मानित अतिथियों डॉ.के.एन. मोदी के प्रबंधक मेघराज जी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर दीपांकर शर्मा, स्कूल प्रधानाचार्य श्रीमती पूजा शर्मा, स्कूल हेडमिस्ट्रेस प्रेरणा वर्मा, टेक्सटाइल ब्रांच की हेडमिस्ट्रेस श्रीसपना खुराना, प्रोफेसर मनीषा त्यागी की गरिमामई उपस्थिति में हुआ। समापन समारोह की शुरुआत मां सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलित करके की गई जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ इसके पश्चात मुख्य अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

समापन समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। चीयरिंग परफॉर्मेंस और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया, वहीं फ्रेंच स्किट ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। इसके साथ ही स्किल बूस्ट एक्टिविटी एग्जीबिशन में बच्चों द्वारा बनाई गई एक्टिविटीज को दर्शाया गया, जिसमें बच्चों की रचनात्मकता और सीखने की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ताइक्वांडो के बच्चों द्वारा प्रस्तुत बेसिक स्टंट्स रहे । जिसने दर्शकों में रोमांच भर दिया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नृत्य, खेल, फ्रेंच और ताइक्वांडो के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।



