
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर थानाक्षेत्र की पुरानी सब्जी मंडी में बुधवार देर रात चोरों ने आभूषणों की दुकान का शटर उखाड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दो चोर चोरी करते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक बेखौफ चोरों ने बुधवार रात करीब तीन बजे विजयनगर सेक्टर-नौ स्थित सोनी ज्वैलर्स नामक दुकान को निशाना बनाया। फुटेज में दिख रहा है कि दोनों आरोपी पहले लोहे की रॉड से दुकान का शटर उखाड़ते हैं और फिर अंदर घुस जाते हैं।
इसके बाद एक चोर काउंटर के अंदर रखे सामान को खंगालने लगता है, जबकि दूसरा साथी भी रॉड लेकर अंदर पहुंचता है। दोनों चोरों ने दुकान के काउंटर में रखे चांदी के आभूषण जेब में भर लिए और कुछ ही मिनटों में फरार हो गए। अगले दिन सुबह दुकान मालिक विजय कुमार को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने विजयनगर थाने में शिकायत दी। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास के इलाकों में भी जांच की जा रही है।



