
गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या-307 में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मकान सूचीकरण एवं मकान गणना (एचएलओ) कार्य को जनगणना कार्य निदेशालय के निदेर्शों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक 30 दिनों की अवधि में कराया जाएगा। इसके लिए प्रगणकों और सुपरवाइजर्स की नियुक्ति का कार्य संबंधित चार्ज अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।
जिला जनगणना अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य पूरी पारदर्शिता, सटीकता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि सामान्य प्रशासन अनुभाग की अधिसूचना दिनांक 9 जनवरी 2026 तथा जिलाधिकारी के आदेश दिनांक 21 जनवरी 2026 के अनुसार जाहिद हुसैन और ओम प्रकाश यादव को अपर जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को जनगणना अधिनियम-1948 की धारा-11 के तहत विधिसम्मत रूप से कार्य संपादित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन द्वारा विभिन्न नगर निकायों और क्षेत्रों का दायित्व भी तय कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन को नगर पालिका परिषद मोदीनगर, मुरादनगर तथा नगर पंचायत डासना, पतला, निवाड़ी और फरीदनगर का चार्ज सौंपा गया है। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव को नगर पालिका परिषद लोनी और खोड़ा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित चार्ज अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रगणकों और सुपरवाइजर्स की सूची एवं मोबाइल नंबर प्राप्त करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कर्मचारी समय से ड्यूटी प्राप्त कर एचएलओ एप पर लॉगिन करें और प्रतिदिन किए गए कार्य की समीक्षा नियमित रूप से की जाए।



