गाजियाबाद

कांवड़ भवन निर्माण में देरी पर भाजपा नेता ने जिलाधिकारी से की शीघ्र कार्रवाई की मांग

मुरादनगर, संवाददाता। 

गंग नहर स्थित मुरादनगर में प्रस्तावित कांवड़ भवन के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अरविन्द भारतीय ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को पत्र भेजकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा का समय नजदीक आ चुका है, लेकिन अब तक भवन निर्माण के संबंध में कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।
अरविन्द भारतीय ने अपने पत्र में बताया कि उन्होंने 26 जून 2025 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से गंग नहर मुरादनगर में कांवड़ भवन निर्माण कराने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन भी दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन को भी पत्र के माध्यम से इस मांग से अवगत कराया गया था।
पत्र के अनुसार, जिलाधिकारी ने 2 फरवरी 2026 को उपजिलाधिकारी मोदीनगर को मामले की आख्या प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य को लेकर कोई प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादनगर क्षेत्र से गुजरते हैं और गंग नहर क्षेत्र में सुविधाओं की कमी महसूस की जाती है। ऐसे में कांवड़ भवन का निर्माण श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
भाजपा नेता ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वह इस महत्वपूर्ण परियोजना में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करें, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। उनका कहना है कि कांवड़ भवन बनने से शिवभक्तों को ठहरने, विश्राम करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही धार्मिक आयोजनों के दौरान व्यवस्था संचालन में भी प्रशासन को सुविधा मिलेगी।
अरविन्द भारतीय ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कांवड़ भवन निर्माण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर इस जनहित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्य को आगे बढ़ाएगा।
पत्र के साथ मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र तथा उपजिलाधिकारी मोदीनगर से मांगी गई आख्या की प्रतिलिपियां भी संलग्न की गई हैं। 

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button