
बुलंदशहर {मनस्वी वाणी}
बुलंदशहर पुलिस ने नकली और जहरीली शराब बनाने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की स्वाट टीम और छतारी पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने शेखूपुर पंडरावल मार्ग पर स्थित एक आम के बाग में छापा मारा, जहाँ बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा था। मौके से पुलिस ने लगभग 200 लीटर ईएनए केमिकल, 35 लीटर तैयार मिश्रित शराब, 1430 ‘मिस इंडिया’ ब्रांड के रैपर, बारकोड बंडल और शराब पैक करने वाली मशीनें बरामद की हैं। साथ ही पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल होने वाले तीन वाहन एक छोटा हाथी और दो कारें भी जब्त की गई हैं।इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड कोशेन्द्र बताया जा रहा है, जो पहले भी अवैध गतिविधियों के लिए जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी केमिकल में पानी और अन्य पदार्थ मिलाकर नकली शराब तैयार करते थे और उन्हें ब्रांडेड बोतलों के नाम पर स्थानीय ठेकों और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे। एसपी ग्रामीण, डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों में से एक संजय के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है ताकि जिले में जहरीली शराब की बिक्री पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।



