
कमेटी के एक उपाध्यक्ष और मंत्री प्रतिदिन देंगे अपनी सेवा
कार्यालय के जिम्मेदारी महानगर महामंत्री प्रदीप चौहान के कंधों पर होगी
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के महानगर संगठन में बदलाव के बाद अब पार्टी कार्यालय भी नए रंग-रूप और नई व्यवस्था के साथ नजर आएगा। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में संगठन को सक्रिय और हाईटेक बनाने की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, भाजपा महानगर कार्यालय पर पदाधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन एक उपाध्यक्ष और एक मंत्री की ड्यूटी कार्यालय पर रहेगी, जो कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। कार्यालय की समग्र जिम्मेदारी महानगर महामंत्री प्रदीप चौहान को सौंपी गई है, जो पूरे संचालन और समन्वय पर नजर रखेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।
उल्लेखनीय है कि महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल की नई टीम में बॉबी त्यागी और रनिता सिंह को छोड़कर अधिकांश नए चेहरे शामिल किए गए हैं। हालांकि ये सभी पदाधिकारी पूर्व में संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं, लेकिन महानगर स्तर पर यह उनकी पहली बड़ी परीक्षा मानी जा रही है।
आगामी विधानसभा और नगर निगम चुनावों को देखते हुए संगठन ने अभी से अपनी रणनीति को मजबूत करना शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई टीम और सुदृढ़ कार्यालय व्यवस्था के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।



