
नारी शक्ति वंदन विधेयक पर सियासत तेज
केंद्र सरकार लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध: अतुल गर्ग
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। इसी कड़ी में गाजियाबाद से सांसद अतुल गर्ग ने विपक्ष पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि सदन में जो हुआ, वह सिर्फ एक विधेयक का गिरना नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सपनों, उम्मीदों और अधिकारों को ठेस पहुंचाने जैसा है।
सांसद अतुल गर्ग ने अपने बयान में कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में यह विधेयक एक ऐतिहासिक कदम था, लेकिन विपक्ष के रुख ने यह स्पष्ट कर दिया कि वह महिलाओं को समान भागीदारी देने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति इस घटनाक्रम को भली-भांति समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। नारी शक्ति वंदन विधेयक भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल थी, जिसे लेकर जनता के बीच व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है।
सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में हर मुद्दे पर चर्चा और सहमति जरूरी होती है, लेकिन महिलाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में महिलाओं के अधिकारों और भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए सरकार और अधिक मजबूती से प्रयास करेगी।
सांसद अतुल गर्ग के इस बयान के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है, वहीं विभिन्न दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।



