हापुड़

जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनी ईद उल फितर, अमन व चैन के लिए उठे हजारों हाथ

-ईद उल फितर की सकुशल नमाज अता हुई
-कई स्थानों पर ईद मिलन समारोह आयोजित
मनस्वी वाणी, ब्यूरो

हापुड़। जनपद में ईद उल फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ईदगाहों के अलावा सभी मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अता कराई गई। हापुड़ के ईदगाह शहर काजी मुफ्ती मकसूद आलम कासमी ने नमाज अता कराई और तरक्की, अमन व चैन की दुआ की। इसके अलावा कई स्थानों पर लोगों ने ईद मिलन समारोह आयोजित किए।
बुलंदशहर रोड पर स्थित ईदगाह पर सुबह से ही नमाज अता करने वालों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई थी। कुछ देर में पूरा ईदगाह मैदान भीड़ से खचाखच भर गया। इस मौके पर शहर काजी ने ईद की नमाज अता कराई और कहा कि देश में अमन, चैन, भाईचारा कायम रहे। देश तरक्की करे आपस में सभी लोग मिलजुल कर ईद मनाएं। नमाज सुबह 8 बजे हुई। इस बार भी सड़कों पर कही भी नमाज अता नहीं की गई। इसके अलावा सभी मस्जिदों के अंदर ही ईद की नमाज अता कराई गई।
एसपी व एडीएम समेत कई अफसर रहे मौजूद
ईदगाह पर नमाज के दौरान एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, एडीएम संदीप सिंह, एसडीएम सदर इला प्रकाश, सीओ सिटी वरूण मिश्रा, सीएफओ, एलआईयू निरीक्षक आदि मौजूद थे।

ईदगाह परिसर में रही कड़ी सुरक्षा
ईदगाह परिसर पर सुबह से ही भारी पुलिस बल, पीएसी, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी तैनात रहे। इसके अलावा आने जाने वालों की चेकिंग भी की गई।

नमाज के दौरान ट्रैफिक रहा डायवर्जन
बुलंदशहर रोड पर ईदगाह होने के कारण पुलिस ने बुलंदशहर रोड पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। केवल ईदगाह पर जाने वालों निकलने दिया गया। बाकी ट्रैफिक को मेरठ तिराहे, तहसील चौपले से बाइपास की तरफ भेज दिया। वहीं बुलंदशहर की तरफ से आने वाले वाहनों को भी बाइपास से निकाला गया। तहसील चौपला व बाइपास चौराहे पर बैरिकेड लगाकर ट्रैफिक का संचालन किया गया। ईद की नमाज की अता होने के बाद ट्रैफिक रूट डायवर्जन समाप्त किया गया।

कई स्थानों पर हुए ईद मिलन समारोह
ईद पर कई स्थानों पर ईद मिलन समारोह आयोजित किया गया। समाजसेवी हाजी नौशाद, हाजी इकराम ने अपने प्रतिष्ठान व आवास पर ईद मिलन समारोह आयोजित किया। जिसमें सभी लोगों का स्वागत कर ईद की बधाई दी। वहीं प्रेस क्लब के अध्यक्ष आरिफ अंसारी के यहां हुए ईद मिलन समारोह में प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों व पत्रकारों ने शिरकत की। इसके अलावा पत्रकार फजलुर्रहमान व पत्रकार मोहम्मद शाहिद, पत्रकार दानिश के आवास पर ईद मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा बुलंदशहर रोड पर इकबाल अहमद सुपर फर्नीचर वाले के यहां पर ईद मिलन समारोह आयोजित हुआ। इस मौके पर सभी गणमान्य लोगों का स्वागत किया और ईद की मुबारकबाद दी गई। वहीं धौलाना कस्बा, पिलखुवा, गढ़मुक्तेश्वर नगर, बाबूगढ़, सिंभावली की ईदगाह पर ईद की नमाज अता कराई गई।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button