विदेश

पश्चिम एशिया संघर्ष का 31वां दिन, ट्रंप बोले जल्द समझौता संभव

इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जंग एक महीने से जारी है। हमले लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि ट्रंप ने जल्द समझौते की बात कही है। एक भारतीय की मौत से चिंता बढ़ी है।

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध को एक महीना पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक किसी समाधान के संकेत नहीं मिले हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जल्द समझौता हो सकता है, हालांकि ईरान फिलहाल झुकने के संकेत नहीं दे रहा है।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान में अपनी सैन्य कार्रवाई खत्म करने के लिए एक नए और समझदार शासन के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है और जल्द ही किसी समझौते की संभावना है।

जमीनी स्तर पर संघर्ष लगातार तेज बना हुआ है। ईरान ने इजराइल के शहर हाइफा में एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जिससे धुएं का गुबार उठता देखा गया। हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इजराइल के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने कहा कि उत्पादन सुविधाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

वहीं, इजराइल ने भी जवाबी कार्रवाई जारी रखते हुए बेरूत के बीर हसीन इलाके में हमला किया, जहां एक अपार्टमेंट के बाहर भारी तबाही देखी गई और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

इसके अलावा, ईरान ने दक्षिणी इजराइल के एक औद्योगिक परिसर पर हमला किया, जिससे वहां भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए फायर एंड रेस्क्यू टीम को मौके पर तैनात किया गया।

तनाव के बढ़ते माहौल के बीच ईरान ने कुवैत के एक प्रमुख बिजली और जल संयंत्र को भी निशाना बनाया। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि संयंत्र की सर्विस बिल्डिंग को भारी नुकसान पहुंचा है। भारत सरकार ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button