
चम्बा से ऊना जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी, चालक को हार्ट अटैक आने की आशंका
जिला नूरपुर में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब चम्बा से ऊना जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल नूरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार निजी बस चम्बा से ऊना की ओर जा रही थी। नूरपुर के समीप पहुंचते ही अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क पर ही पलट गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि चालक को हार्ट अटैक आने के कारण यह हादसा हुआ।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। गनीमत रही कि बस सड़क पर ही पलटी, यदि बस खाई में गिरती तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घायलों को सिविल अस्पताल नूरपुर में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक रणबीर सिंह निक्का भी मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस जिला नूरपुर की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की तबीयत बिगड़ने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।



