
भारतीय किसान यूनियन ने डीएम से की कार्रवाई की मांग
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। गांव मुबारिकपुर, मसूरी में सरकारी एवं ग्राम सभा की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। यूनियन का आरोप है कि भू-माफियाओं द्वारा पंचायती कुएं, चकरोड, नाली एवं खाद के गड्ढों की सरकारी भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही है, जिससे क्षेत्र के किसान प्रभावित हो रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि गांव के किसानों ने यूनियन को अवगत कराया है कि तहसीलदार गाजियाबाद के आदेश के बावजूद खसरा संख्या 72 में स्थित पंचायती कुएं की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा बना हुआ है। इसके अलावा खसरा संख्या 60 की ग्राम सभा भूमि को बेचे जाने तथा चकरोड, नाली और खाद के गड्ढों की भूमि पर कब्जा कर उसे निजी खेतों में मिलाने के आरोप भी लगाए गए हैं। यूनियन का कहना है कि इस संबंध में 30 मई, 1 जून, 5 जून और 12 जून 2026 को भी प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।



