गाजियाबाद

सुदामा पुरी पार्क में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण

लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और जनसेवा की सशक्त प्रतीक थीं: संजीव शर्मा
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। वार्ड संख्या-7 स्थित सुदामा पुरी पार्क में रविवार को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पाल समाज के गणमान्य लोगों, क्षेत्रीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर लोकमाता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन, उनके आदर्शों तथा जनकल्याण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों का स्मरण करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सेवा, सुशासन, धर्मनिष्ठा और समाज कल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके जीवन से आज भी समाज को प्रेरणा मिलती है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और जनसेवा की सशक्त प्रतीक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में जनहित और धर्मस्थलों के संरक्षण के लिए जो कार्य किए, वे आज भी अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और महान विभूतियों के विचारों एवं आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज का दायित्व है।
विधायक ने पाल समाज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और समाज में सकारात्मक मूल्यों के प्रसार को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रतिमा स्थापना के लिए पाल समाज के सभी सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों, नागरिकों एवं पाल समाज के सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया तथा लोकमाता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रतिमा अनावरण के साथ ही सुदामा पुरी पार्क में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और क्षेत्रवासियों ने इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत किया।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button