उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

सीएम आज गाजियाबाद को देंगे 868 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

  • – 90 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
  • – मुरादनगर में जनसभा, 1096 प्रधानमंत्री आवासों का भी होगा लोकार्पण

मुरादनगर, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद जिले को 868.17 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री मुरादनगर के रावली सोहाना मार्ग स्थित तेजपाल त्यागी कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह कुल 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग, स्वच्छता और बिजली व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने देर शाम तक तैयारियों का जायजा लिया। जनसभा में 10 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मुख्यमंत्री जिन 57 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उन पर 685.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें गृह, शिक्षा, डूडा, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज, आवास एवं शहरी नियोजन सहित विभिन्न विभागों की योजनाएं शामिल हैं। पुलिस कमिश्नरेट के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन का निर्माण 8.07 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा, जबकि पुलिस लाइन में 16.27 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल बनाया जाएगा। नगर निगम की नौ परियोजनाओं पर 17.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं मुरादनगर के भदौली गांव में 1.47 करोड़ रुपये की लागत से नए हाईस्कूल भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुरादनगर क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से मतौर-डोलचा सीमा तथा भदौली के निकट हिंडन नदी पर दो लेन के सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 48.02 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 19 परियोजनाओं का भी मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे। इन पर करीब 505 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इनमें हापुड़ चुंगी चौराहे पर 125 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला फ्लाईओवर प्रमुख परियोजना है। इसके निर्माण से लंबे समय से जाम की समस्या झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार 1096 आवासों का भी लोकार्पण करेंगे। इनमें मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के 856 और निवाड़ी क्षेत्र के 240 आवास शामिल हैं। इन आवासों के लाभार्थियों को कार्यक्रम के दौरान योजनाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांडड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। 

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button