कोतवाली नगर पुलिस की ततपरता से टला बड़ा हादसा
रात में पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपा
गाजियाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन पुलिस चौकी के आसपास स्थित हिंद नगर कॉलोनी में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस गश्त के दौरान एक 17 वर्षीय किशोरी अकेली और परेशान हालत में घूमती मिली है। किशोरी को देर रात अकेले घूमते देखकर पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत की और सुरक्षा की दृष्टि से उसे अपने साथ लेकर थाने पहुंचाया। बाद में पूछताछ के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क कर किशोरी को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि 27 सितंबर 2026 की रात करीब 11:15 बजे कोतवाली पुलिस हिंद नगर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक नाबालिग लड़की पर पड़ी, जो अकेली और परेशान हालत में कॉलोनी में घूम रही थी। बच्ची की स्थिति को देखते हुए बाइक पर तैनात रिक्रूट कांस्टेबल सौरभ कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल रोहित कुमार ने उससे बातचीत कर घूमने का कारण पूछा।पुलिसकर्मियों ने किशोरी को भरोसे में लेकर उसकी परेशानी के बारे में जानकारी ली।
पूछताछ में किशोरी ने अपना नाम रोशनी पुत्री कैलाश शर्मा निवासी ग्राम बिस्नौली, जिला गौतमबुद्ध नगर बताया। किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार से नाराज होकर घर से निकल आई थी। मामले की जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला रिक्रूट कांस्टेबल की सहायता से किशोरी को थाने लाया गया और महिला हेल्प डेस्क पर बैठाकर उससे आवश्यक जानकारी ली गई। पुलिस ने किशोरी द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर उसके पिता से संपर्क किया। कुछ समय बाद उसके पिता कैलाश शर्मा और मां उर्मिला देवी थाने पहुंचे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रात करीब 10:30 बजे घर से नाराज होकर निकल गई थी। बेटी के अचानक घर से चले जाने के बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच पुलिस की ओर से किशोरी के सुरक्षित मिलने की सूचना परिजनों को दी गई। थाने पहुंचने के बाद परिजनों ने किशोरी को देखा तो उनकी चिंता दूर हुई। आवश्यक पूछताछ और कार्रवाई के बाद पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस कर्मियों की सतर्कता के चलते देर रात अकेली घूम रही किशोरी को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और उसके परिवार से संपर्क किया गया। परिजनों ने किशोरी के सकुशल मिलने पर पुलिसकर्मियों का आभार जताया और उनकी तत्परता की सराहना की। एसीपी ने बताया कि रात के समय नाबालिग बच्चों के अकेले मिलने पर उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाती है। इस मामले में भी पुलिसकर्मियों ने किशोरी को भरोसे में लेकर जानकारी जुटाई और उसके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाया।



