गाजियाबाद

10वीं मंजिल से संगदिग्ध परिस्थितियों में गिरी 7वीं कक्षा की छात्रा 

छात्रा की मौत से परिवार में मचा कोहराम

गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित गुलमोहर अपार्टमेंट में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा हाईराइज सोसाइटी की 10वीं मंजिल से संगदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गयी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को आनन फानन में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने स्कूल की एक शिक्षिका पर छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि रितिशा गणित विषय में कमजोर थी और इसी को लेकर उस पर पढ़ाई को लेकर दबाव बनाया जा रहा था।

मृतका की डायरी में भी कथित तौर पर शिक्षिका द्वारा प्रताड़ित किए जाने से संबंधित बातें लिखी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल में जुट गई है। हालांकि पुलिस मृतका छात्रा की डायरी, स्कूल में उसके साथ होने वाले व्यवहार और शिक्षिका से जुड़े आरोपों समेत अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था। एसीपी ने जानकारी देते हुए बताया कि रितिशा नाम की 7वीं कक्षा की छात्रा द्वारा 10वीं मंजिल से संगदिग्ध परिस्थितियों में गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। छात्रा के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। हालांकि जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षिका से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही छात्रा के सहपाठियों और परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि छात्रा की मानसिक स्थिति और स्कूल में उसका व्यवहार कैसा था।  

पढ़ाई का दबाव या कुछ और परिवार को रखना होगा ध्यान

इस घटना ने बच्चों पर पढ़ाई के बढ़ते दबाव को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर हाईराइज सोसाइटियों में रहने वाले परिवारों के लिए बच्चों की सुरक्षा और उनकी मानसिक स्थिति पर नजर रखना बेहद जरूरी है। बहरहाल बच्चों से पढ़ाई को लेकर संवाद बनाए रखना, उनकी समस्याओं को समझना और जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता उपलब्ध कराना बहुत जरूरी है। फिलहाल साहिबाबाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शिक्षिका पर लगाए गए मानसिक प्रताड़ना के आरोप अभी आरोप हैं; उनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button