
- डासना जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच निकाले गए सपा के वरिष्ठ नेता
- मेडिकल जांच के बाद दिल्ली से लखनऊ के लिए हुए रवाना
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। डासना जिला जेल में निरुद्ध आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम चार दिन की रिमांड पर लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। गुरुवार देर रात ईडी की टीम उन्हें डासना जेल से अपने साथ लेकर निकली। बताया जा रहा है कि लखनऊ ले जाने से पहले दिल्ली में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जिसके बाद टीम उन्हें लेकर सीधे लखनऊ रवाना हुई।
गौरतलब है कि सपा के कद्दावर नेता आजम खान के डासना जिला जेल में आने के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है। आजम खान दस बार विधायक, चार बार मंत्री और दो बार सांसद रह चुके हैं। उनके जेल में निरुद्ध होने के बाद लगातार सपा नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का उनसे मिलने पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव भी डासना जेल पहुंचे थे। उन्होंने आजम खान से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद देर रात ईडी की टीम द्वारा उन्हें चार दिन की रिमांड पर ले जाने की खबर सामने आने से राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गईं।
वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से आजम खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखने और समुचित देखभाल किए जाने की बात कही है।
आजम खान को डासना जेल से लखनऊ ले जाए जाने के घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें ईडी की पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि डासना जेल से लेकर दिल्ली तक पूर्व विधायक असलम चौधरी और उनकी टीम भी उनके साथ रही और पल-पल की जानकारी भी पार्टी अलाकमान को देते रहे।


