उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

मधुबन बापूधाम, हरनंदीपुरम, एयरोसिटी थीम पर नई टाउनशिप – जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल

S

शहर के नियोजित विकास के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर होगी। मधुबन बापूधाम, हरनंदीपुरम, एयरोसिटी थीम पर नई टाउनशिप इस साल परवान चढ़ सकेगी। साथ ही एलिवेटेड रोड पर दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड बनेंगे। हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर समेत राजनगर एक्सटेंशन में नई सड़कें बनने के साथ ही शहर के चौराहे सिग्नल फ्री होंगे।

मधुबन बापूधाम के बुनकर मार्ट में जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने पत्रकारों को बताया कि शहर का नियोजित विकास होगा। आधुनिक अवसंरचना, पर्यावरण संरक्षण, खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ ही निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजना चल रही है या भविष्य में लाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए एलिवेटेड रोड पर दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड बनेंगे। इनके बनने के बाद सिद्धार्थ विहार में रहने वाले लाखों लोग दिल्ली और मेरठ जाने के लिए राजनगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड से आना जाना कर सकेंगे। वहीं, वसुंधरा के लोगों को दिल्ली जाने के लिए एलिवेटेड रोड पर चढ़ने सकेंगे। फिलहाल वसुंधरा में रहने वाले मेरठ और राजनगर एक्सटेंशन ही जा पाते हैं। उन्होंने बताया कि एलिवेटेड से स्लिप रोड देकर नदी के पास सिद्धार्थ विहार को जोड़ा जाएगा और कनावनी पुलिया के पास वसुंधरा को दिल्ली से कनेक्टिविटी दी जाएगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर मंगलवार को शासन स्तर पर जीडीए प्रजेंटेशन देगा। इस प्रजेंटेशन के बाद ही शासन स्तर से प्रोजेक्ट के लिए 100 करोड़ रुपये का फंड मिलेगा। जीडीए वीसी ने कहा कि उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट जल्द शुरू होगा। साथ ही सिद्धार्थ विहार और वसुंधरा के लोगों को फायदा होगा। एनएच नौ पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। उन्होंने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन की पांच से अधिक जोनल सड़कों का काम तेज कर दिया गया है। मार्च से जून 2026 के बीच कई प्रमुख सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगी। हापुड़ चुंगी से डायमंड कट तक नया फ्लाइओवर बनेगा। अगले वित्तीय वर्ष के लिए करीब 3,496 करोड़ रुपये की आय और 3,287 करोड़ रुपये के खर्च का लक्ष्य रखा गया है।

इन गोल चक्कर पुनर्विकास होगा

शहर के प्रमुख गोल चक्करों का ग्रीनलैंड थीम पर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इससे शहर की सुंदरता और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों में सुधार होगा। प्रथम चरण में पांच गोल चक्करों का पुनर्विकास किया जाएगा। सेठ मुकंदलाल चौराहा और डायमंड कट को सिग्नल फ्री किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम तैयार होगा

जीडीए वीसी ने बताया कि राजनगर एक्सेटंशन में 450 करोड़ रुपये की लागत से 55 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। साथ ही एयरोसिटी नाम से टाउनशिप बसेगी। इसमें उच्च स्तरीय आवासीय परिसर, वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र, रिटेल एवं शॉपिंग ज़ोन, खेल अकादमी, संस्थागत क्षेत्र, मल्टीलेवल पार्किंग, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन होगा। इसके अलावा इसी क्षेत्र में ‘हरनंदीपुरम’ के रूप में सुनियोजित टाउनशिप बसाई जाएगी।

हरियाली को लेकर थीम पार्क

गाजियाबाद में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरण व थीम पार्क पर फोकस किया गया है। ताकि लोगों को ताजी हवा मिल सके। इसके लिए कोयल एन्क्लेव में रामायण पार्क, इंदिरापुरम में संस्कृति दर्शन पार्क, राजेंद्रनगर में डा राम मनोहर लोहिया पार्क और मधुबन बापूधाम में विकसित भारत पार्क बन रहे है। साथ ही सिटी फॉरेस्ट को 55 करोड़ रुपये खर्च कर दोबारा सजाया जा रहा है, जहाँ लोग डायनासोर पार्क, फिशिंग, हॉर्स राइडिंग और जंगल स्टे का आनंद ले सकेंगे।

बाढ़ से बचाव और बुनियादी सुविधाएँ
हिंडन नदी के किनारे तटबंध बनाने का फैसला लिया गया है, जिससे हर साल आने वाली बाढ़ का खतरा टलेगा और नदी किनारे सड़क बनने से ट्रैफिक भी सुधरेगा। इसके अलावा, मधुबन बापूधाम और कोयल एन्क्लेव जैसी पुरानी कॉलोनियों में सड़कों की मरम्मत, सीवर सफाई और बिजली के सब-स्टेशन बनाने के लिए करोड़ों के टेंडर जारी किए गए हैं।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button