
दीपक त्यागी
मोदीनगर। हर्षित राणा की तरह ही 15 साल से जिंदगी मौत के बीच जूझ रहे कस्बा निवाड़ी निवासी पिंटू त्यागी को एम्स से जल्द आपरेशन के लिए डेट मिलने का इंतजार है। मुख्यमंत्री राहत कोष से एम्स अस्पताल में 50 हजार रूपए जमा किए जा चुके है। उम्मीद है कि आपरेशन के बाद वह खुद अपने पैर पर खड़ा हो पाए।
कस्बा निवाड़ी में वार्ड नम्बर छह स्थित मोबाइल टॉवर परिसर में बने कमरे में चारपाई पर पिंटू त्यागी पिछले 15साल से लेटे हुए है। रोजाना जिंदगी मौत से जूझ रहे पिंटू त्यागी को कई विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। दो साल पहले पिंटू त्यागी का इलाज कराने के लिए आरटीआई एक्टिविष्ट व सामाजिक कार्यकर्ता संजय त्यागी ने इलाज कराने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका डाली थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एम्स दिल्ली को इलाज करने का आदेश जारी किया। लेकिन एम्स प्रशासन ने आपरेशन में आने वाले खर्च का 1.28 लाख रुपए जमा करने का फरमान सुना दिया। पिंटू त्यागी की आर्थिक स्थिति इतनी नहीं है कि वह 1.28 लाख रुपए जमा कर सके। पिछले दिनों एम्स प्रशासन से किए गए पत्राचार के बाद आपरेशन का खर्चा घटाकर 65 हजार रुपए कर दिया गया। आथिक स्थिति ठीक ना होने के कारण अभी तक वह पैसे जमा नहीं कर सके है,जिस कारण उनका आपरेशन अटका हुआ है।
सांसद के प्रयास से मिली आर्थिक मदद:
भाई धर्मेंद्र ने बताया कि बागपत मोदीनगर लोकसभा संासद डॉ. राजकुमार सांगवान से जाकर मिले और अपनी स्थिति के बारे में अवगत कराया। सांसद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर आर्थिक मदद दिलाने के लिए पत्र लिखा। मुख्यमंत्री राहत कोष से पिंटू त्यागी के इलाज के लिए 50 हजार रूपए जारी कर सीधे एम्स अस्पताल प्रशासन को भेज दिए गए। चंदा करके 15 हजार रूपए और भी जमा कर दिए गए है। धर्मेंद्र ने बताया कि पिंटू के पांच टेस्ट हो चुके है और अब सिर्फ आपरेशन की डेट मिलने का इंतजार है।
प्रंदह साल से झेल रहे है दिव्यांगता:
जिला बागपत के बड़ा गांव निवासी 37 वर्षीय पिंटू त्यागी पुत्र रामनिवास त्यागी का सन 2011 में सड़क हादसा हो गया था। जिसमें वह गंभीर रुप से घालय हो गया था। भाई धर्मेन्द्र त्यागी ने बताया कि पिंटू को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। एम्स अस्पताल में आपरेशन हुआ,लेकिन छह माह बाद ही जो हड्डी टूटी थी ,वह अपने स्थान से हट गई। जिस कारण फिर से पिंटू चारपाई पर आ गया। भाई धर्मेन्द्र पिंटू को लेकर कस्बा निवाड़ी आ गया। बारह साल से पिंटू कस्बा निवाड़ी में रह रहे है।
लोकसभा अध्यक्ष फोन करके दे चुके है मदद का आश्वासन:
सामाजिक कार्यकर्ता संजय त्यागी ने पिंटू त्यागी का आपरेशन कराने के लिए प्रधानमंत्री ,लोकसभा अध्यक्ष सहित अन्य लोगों को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी। 15 सितम्बर 2022 को लोकसभा अध्यक्ष ओम विरला का पिंटू त्यागी के पास फोन आया था और हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया था।
राष्ट्रपति को पत्र लिखकर कर चुके है इच्छा मृत्यू की मांग:
इलाज ना मिलने से निराश पिंटू त्यागी राष्ट्रपति को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यू की मांग की है। पिंटू का कहना है कि आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है ,वह इलाज कराना तो दूर की बात है,खाना खाने के लिए लाले पडे़ हुए है। खंडहर रूम एक कमरे में रहना पड़ रहा है।
सरकारी मदद के नाम पर मिली व्हीलचेयर:
पिंटू को अब तक सरकारी मदद के नाम पर सिर्फ एक एक व्हील चेयर मिली है। एम्स जाने के लिए एंबुलेंस के लिए निवाड़ी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी से गुहार लगाई थी,लेकिन कुछ मदद नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुक करके एम्स जाना हुआ। पिंटू त्यागी का कहना है कि अब उम्मीद लग रही है कि आपरेशन के बाद शायद मै भी अपने पैरों पर खड़ा हो सकू।



