
- : भीख मांगने के लिए महिला ने किया था बच्ची का अपहरण
- :बच्ची को पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे
मनस्वी वाणी संवाददाता ।दिल्ली मेरठ मार्ग पर डॉ.भीमराव अंबेडकर पार्क परिसर से 15 दिन पहले अगवा की गई दो वर्षीय बच्ची को पुलिस ने बरामद कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। भीख मांगने के लिए महिला ने बच्ची को अगवा किया था। महिला उसे लेकर लखनऊ भागने की फिराक में थी। बच्ची को पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। बस स्टैंड के पीछे झुग्गी में रहने वाली ज्योति भीख मांगकर परिवार का लालन पालन करती है। गत 10 मार्च को ज्योति अपनी दस वर्षीय पुत्री नंदनी व दो वर्षीय पायल के साथ बस स्टैंड के पास भीख मांग रही थी। ज्योति ने अपनी दोनों पुत्री दिल्ली मेरठ मार्ग पर डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में बैठा दी और खुद भीख मांगने के लिए निकल गई। जब वह वापस आई तो उनकी दो वर्षीय पुत्री पायल गायब थी। काफी तलाश किया,लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद बच्ची के तलाश के लिए मेरठ,दिल्ली,नोएडा सहित अन्य शहरों में तलाश की गई,लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 18 मार्च को महिला ने मुरादनगर थाने में अपहरण करने की आशंका जताते हुए तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया।
एसीपी मसूरी सर्किल लिपि नगायच ने बताया कि मुरादनगर पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला बच्ची को लेकर मुरादनगर रेलवे स्टेशन की और जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला को बच्ची सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम हसीना उर्फ बुचनिया निवासी जगतपुरी कॉलोनी मोदीनगर बताया। पुलिस को आरोपी महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद वह कूड़ा बीनने का काम करती है और अकेली ही रहती है। दस मार्च को वह मुरादनगर में कूड़ा बीन रही थी। इसी बीच पार्क में बच्ची अकेली बैठी थी। मैने उसे कोल्ड ड्रिक्स देकर अपने साथ ले गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार न्यायालय के समक्ष पेश किया है।



