
: प्रयागराज जिले में शुक्रवार को एक दुखद हादसा हुआ। घर से स्नान के लिए निकले सात बच्चे गंगा नदी में डूब गए, जिसमें चार बच्चों की मौत हो गई और तीन बच्चों को मछुआरों ने समय रहते बचा लिया। घटना मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर गांव स्थित गंगा घाट पर हुई। बच्चों के हल्ला-पुकार सुनकर आसपास के मछुआरे मौके पर पहुंचे और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन चार बच्चे तेज धारा में बह गए, जिन्हें कई घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने बरामद किया। मृतकों में दो सगे भाई शामिल थे: दीपक राव (17), ऋषभ राव (10), रियांश (10) और हिमांशु (10)। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और मौके पर उपजिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती विनीता सिंह को भेजकर परिजनों को सांत्वना दी।



