अध्यात्म

नागाणा में भक्तों ने किए नागणेच्या माता के दर्शन

दो दिवसीय देव दर्शन यात्रा संपन्न


मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। चैत्र नवरात्रा के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय देव दर्शन यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं ने राजस्थान स्थित कुलदेवी श्री नागणेच्या माता मंदिर (नागाणा) पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन एवं पूजन किया। इस दौरान भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यह यात्रा सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर गाजियाबाद के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य एवं अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। वहीं महंत गणेशपुरी महाराज (श्री नर्बदेश्वर महादेव मंदिर, जसोल) के मार्गदर्शन तथा जसोलधाम के संयोजक व भाजपा राजस्थान के प्रदेश कार्यकारी सदस्य कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल के नेतृत्व में भक्तों ने मातेश्वरी के दर्शन-पूजन किए।
भक्तों ने इस यात्रा को अलौकिक, कल्याणकारी और अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए कहा कि नागणेच्या माता के दरबार में पहुंचकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हुई। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि माता के दर्शन मात्र से ही भक्तों के सभी दुख व कष्ट दूर हो जाते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मातेश्वरी के श्रीचरणों में नतमस्तक होकर समस्त जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि एवं अखंड कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में व्याप्त दिव्य शांति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा ने प्रत्येक श्रद्धालु के अंतर्मन को आलोकित किया।
यात्रा के दौरान भक्तों ने धर्म, संस्कृति और परंपराओं के प्रति अपनी आस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया तथा मातेश्वरी श्री नागणेच्या माता के श्रीचरणों में कोटि-कोटि वंदन कर उनकी असीम कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button