
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर घंटाघर रामलीला मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में भागीरथ सेवा संस्थान के दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रतिभा का अनूठा प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित कलाकृतियों की आकर्षक स्टॉल लगाई गई, जिसने आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री बच्चों की कला और हुनर को देखकर काफी प्रभावित हुए और उनकी जमकर सराहना की। दिव्यांग बच्चों ने अपने हाथों से बनाए गए दिए और मोमबत्तियों से तैयार एक सुंदर गिफ्ट पैक उपमुख्यमंत्री को भेंट किया, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार करते हुए बच्चों को आशीर्वाद दिया।
रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में महर्षि कश्यप जयंती हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य रूप में मनाई गई। आयोजन के दौरान करीब ढाई सौ दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए।
भागीरथ सेवा संस्थान द्वारा संचालित भागीरथी स्पेशल स्कूल एवं उड़ान डे केयर सेंटर के बच्चों ने इस अवसर पर हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई। कमला सुकुल स्मृति कुटीर उद्योग के तहत तैयार किए गए उत्पादों में फैंसी दिए, मोमबत्तियां, हैंडवॉश, साबुन और फिनायल जैसे उपयोगी सामान शामिल रहे। स्टॉल पर प्रदर्शित डेकोरेटिव आइटम्स और उपयोगी उत्पादों को देखकर आगंतुकों ने भी बच्चों की मेहनत और प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम ने न केवल सामाजिक समावेशिता का संदेश दिया, बल्कि दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई प्रदान की।



