
अनाप-शनाप बिलों से जनता परेशान, अभियान पर रोक की मांग
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी गाजियाबाद इकाई ने स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटरों के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इन मीटरों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है।
ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन व महानगर अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव के हस्ताक्षर हैं। इसमें कहा गया है कि गाजियाबाद सहित प्रदेश के कई जनपदों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर जबरन लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से उठाए गए मुद्दों में मीटरों की तेज रीडिंग के कारण बढ़े हुए बिजली बिल, प्रीपेड सिस्टम में तकनीकी खामियों के चलते बिजली आपूर्ति बाधित होना, उपभोक्ताओं की सहमति के बिना मीटर लगाए जाना तथा पारदर्शिता की कमी शामिल हैं। पार्टी ने कहा कि इन कारणों से आम नागरिक, विशेषकर गरीब, किसान और मजदूर वर्ग गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मोदीनगर, निवाड़ी और शहर के अन्य क्षेत्रों में लोग इन मीटरों के विरोध में सड़कों पर उतरने को मजबूर हो रहे हैं। पार्टी ने इसे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
समाजवादी पार्टी ने सरकार से मांग की है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के अभियान पर तुरंत रोक लगाई जाए और जिन घरों में ऐसे मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें हटाकर पुराने बिल आधारित मीटर पुन: स्थापित किए जाएं। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी आम जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस मौके पर मनोज पंड़ित, अभिषेक गर्ग, विक्रांत पंड़ित, सौदान गुर्जर, राजदेवी चौधरी, नसीम खान सहित काफी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



