
– ब्रजघाट गंगा नगरी का मामला
प्रिंस गढ़/मुक्तेश्वर संवाददाता
ब्रजघाट,। गंगा नगरी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे खड़े एक दर्जन से अधिक बाइकों को रौंद दिया। यह घटना रात करीब एक बजे हुई, जिससे सभी बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर ब्रजघाट पुलिस चेक पोस्ट के समीप पलवाड़ा रोड पर तेज रफ्तार में था। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खोखे के बाहर खड़ी श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों की बाइकों को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। इस दुर्घटना में सभी बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद डंपर चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। सुबह क्षतिग्रस्त बाइकों को देखकर वाहन मालिकों, जिनमें राजू शर्मा, कृष्ण, रोहित और तपन शामिल थे, ने भारी आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन से रात में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की। खोखा दुकानदार इकराम ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और डंपर व चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



