
प्रिंस/ गढ़मुक्तेश्वर संवाददाता
– सिंभावली के जमालपुर निवासी था मृतक
सिंभावली। बागपत के खेकड़ा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार को खेल स्टेडियम के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से सिंभावली क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी बाइक सवार दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अरुण (37) की मौत हो गई। वहां आए पुलिसकर्मियों ने आईकार्ड से पहचान कर उनके परिजनों और दिल्ली पुलिस को हादसे की जानकारी दी।
गांव निवासी सतेंद्र कुमार ने बताया कि उनका बेटा अरुण दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर सरिता विहार थाने में तैनात था। रविवार सुबह किसी जांच के मामले में मेरठ जा रहे था। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर खेल स्टेडियम के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने से अरुण घायल हो गया। हादसे की सूचना पर वहां आई पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। पुलिसकर्मियों ने जेब में मिले आधार कार्ड और आईकार्ड से पहचान की। हादसे की सूचना पर सरिता विहार थाने से पुलिसकर्मी और परिवार वाले भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। गांव में उसके शव पहुंचने के बाद परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।



