खेल

ऑटो चालक के बेटे अभय दुबे ने हांगकांग में रचा इतिहास, एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

4×400 मीटर रिले में भारत को दिलाया पदक, वाराणसी में खुशी की लहर

वाराणसी, । दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और अथक संघर्ष के बल पर वाराणसी के युवा धावक अभय कुमार दुबे ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार सफलता हासिल कर शहर और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। ऑटो चालक के बेटे अभय ने हांगकांग में आयोजित एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप अंडर-20 में पुरुष 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। भारतीय पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम के सदस्य अभय और उनके साथियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 मिनट 05.54 सेकेंड का समय निकाला तथा तीसरा स्थान हासिल कर भारत की झोली में कांस्य पदक डाला।

इस उपलब्धि के साथ अभय लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले वाराणसी के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं।

अभय की सफलता की कहानी संघर्ष और प्रेरणा से भरी है। वाराणसी के परमानंदपुर स्थित विकास इंटर कॉलेज के छात्र अभय सीमित संसाधनों वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता प्रेम चंद्र दुबे ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अभय ने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. सिंह ने अभय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अभय की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। हांगकांग से लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

अभय पिछले चार वर्षों से डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें क्रीड़ा अधिकारी एवं प्रशिक्षक डॉ. मंजूर आलम अंसारी का मार्गदर्शन मिला, जिसकी बदौलत उन्होंने राष्ट्रीय और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अभय की इस ऐतिहासिक सफलता से वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और शिक्षकों ने इसे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए एक नई प्रेरणा बताया है। इस चैंपियनशिप में 30 पुरुषों और 18 महिलाओं सहित 48 सदस्यीय भारतीय दल भाग ले रहा है।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button