
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के “सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत रविवार को गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रबुद्धजनों से भेंट कर संवाद स्थापित किया। इस दौरान सदर विधायक संजीव शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
जनसंपर्क अभियान के तहत सांसद ने गुलमोहर एन्क्लेव निवासी डॉ. सुनील दत्त, सराय नजर अली निवासी उदयवीर चौहान (सेवानिवृत्त जीएसटी अधिकारी), विजयनगर निवासी अशोक दुग्गल (सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी), शालीमार गार्डन निवासी अभिषेक श्रीवास्तव (आरडब्ल्यूए अध्यक्ष) सहित कई गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पिछले 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों तथा “विकसित भारत @2047” के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान और जनसहभागिता को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठकों के दौरान राष्ट्र निर्माण में जनसहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने, सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने तथा क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रबुद्धजनों ने अपने सुझाव और विचार भी सांसद के समक्ष रखे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष वरुण नागर, मन्नू वशिष्ठ, पवन शर्मा, ललित कश्यप, सुरेंद्र नागर सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



