
मनस्वी वाणी ब्यूरो
हापुड़। सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर जनसमस्याओं के निस्तारण के फीडबैक का खराब प्रदर्शन को लेकर डीएम कविता मीना ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए अफसरों को जमकर फटकार लगाई और रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम कविता मीना ने कहा कि जिन विभागो की रैंक सी.डी की श्रेणी में है वह सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर फिडिंग का कार्य सही प्रकार से करे। जिससे जनपद की रैंक प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व जिन विभागों की खराब रैंक प्राप्त हुई है उसमें सुधार किया जाए। डीएम ने समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि शत प्रतिशत डाटा फीड करना सुनिश्चित करें। बैठक में उपजिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग/विद्युत/जल निगम/सिंचाई सहित अन्य संबंधी अधिकारी उपस्थित रहे।
मोहर्रम को लेकर डीएम व एसपी ने की बैठक
आगामी दिनों में आने वाले मुस्लिम पर्व मोहर्रम को लेकर डीएम कविता मीना व एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने अधिकारियांे व मोहर्रम कमेटी के लोगों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि कोई भी नई परंपरा नहीं शुरू होगी। अलम-ताजिया सिर्फ पारंपरिक मार्गों से ही निकलेंगे और ताजिये की मानक के अनुसार ऊंचाई 5 फीट से ज्यादा नहीं होगी। कोई भी हथियार लेकर जुलूस में शामिल नहीं होगी। पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके अलावा ड्रोन से निगरानी रहेगी। बिजली, सफाई, पानी आदि की व्यवस्था ठीक रहे। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखे कोई भी भड़काऊ पोस्ट नहीं होने पाएं। सभी कार्यक्रम पुलिस की निगरानी व सुरक्षा में होंगे। एसपी ने कहा कि सभी सीओ, थाना प्रभारी जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर ले कहीं कोई दिक्कत न रहे। मोहर्रम पर्व आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाए।



