
-लोगांे ने प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की आशंका जताई
-मृतका के गांव में पुलिस बल तैनात, कई संदिग्ध हिरासत में
मनस्वी वाणी ब्यूरो
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव उबारपुर के जंगल में अज्ञात हत्यारों ने सिर पर भारी वस्तु प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। युवती की लाश मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम को भेजा और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। कुछ समय बाद ही मृतका की शिनाख्त गढ़मुक्तेश्वर तहसील के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भदस्याना की शिवानी के रूप में की गई है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि सोमवार की देर शाम को ग्रामीणों ने सूचना दी कि जंगल में एक युवती की लाश पड़ी हुई है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर लाश को कब्जे में लिया। युवती के सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार कर उसकी हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है। उन्होंने बताया कि पहले युवती की पहचान नहीं हुई थी। लेकिन कुछ समय बाद ही उसकी पहचान गांव भदस्याना निवासी शिवानी के रूप में उसके परिजनों ने कर दी है।
परिजनों के मुताबिक शिवानी सोमवार की सुबह घर से बैंक जाने के लिए निकली थी। इसके बाद से वह लापता हो गई। उसके लापता होने की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। शाम को युवती की लाश मिलने की सूचना पर परिजन यहां आए और उसकी शिनाख्त की। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि फिलहाल युवती की हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही पुलिस इसका खुलासा करेंगी। इधर, चर्चा है कि युवती की हत्या प्रेम प्रसंग हो सकती है।
इधर, शिवानी की हत्या के बाद से गांव भदस्याना गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। कई थानों की फोर्स लगी हुई है। सीओ गढ़ राहुल यादव का कहना है कि गांव में शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है। घटना के संबंध में कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



