पासपोर्ट आवेदकों के लिए विशेष अभियान – नागरिकों को शीघ्र एप्वाइन्टमेंट उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष पहल…

गाजियाबाद पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक नागरिकों के लिए राहतभरी खबर है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से एक विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के अंतर्गत दिनांक 11 जुलाई 2026 (शनिवार) को पासपोर्ट सेवा केंद्र, साहिबाबाद विशेष रूप से खोला जाएगा, जहाँ तत्काल श्रेणी के 1000 पासपोर्ट आवेदन एवं पी.सी.सी. के 200 आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने जानकारी दी कि यह अभियान विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को पासपोर्ट की तत्काल श्रेणी एवं पी.सी.सी. की सेवाएं समयबद्ध एवं सुलभ रूप से उपलब्ध कराना है एवं नागरिकों को शीघ्र एप्वाइन्टमेंट उपलब्ध कराना है। इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट सम्बंधी सेवाओं की बढ़ी हुई मांग को समय पर पूरा करना है, ताकि नागरिकों को अप्वाइंटमेंट मिलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और पासपोर्ट सम्बंधी सेवाएं सहज रूप से प्राप्त हो सकें। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी द्वारा नागरिकों से अपील की गयी कि वे समय पर आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर स्लॉट बुक कर आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण करें और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही यह भी अपील की गयी कि वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक(https://www.passportindia.gov.in/AppOnlineProject/pdf/NOT_eligible_for_Tatkaal_Scheme_Hindi.pdf) पर क्लिक करके तत्काल श्रेणी के लिए पात्रता सुनिश्चित करने के पश्चात ही आवेदन करें। जिससे इस विशेष आयोजन का लाभ अधिकतम सुनिश्चित हो सके।



