
- जीडीए उपाध्यक्ष ने किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
- प्रस्तावित आउटर रिंग रोड एवं इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था एवं प्रमुख क्षेत्रों के बीच सुगम कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों के सुदृढ़ीकरण एवं विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्रिकेट स्टेडियम से आउटर रिंग रोड तिराहे तक लगभग 900 मीटर लंबी एवं 45 मीटर चौड़ी सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है।
उक्त कार्य पर लगभग ₹5 करोड़ 60 लाख 99 हजार 777 की धनराशि व्यय की जा रही है। सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य लगभग तीन माह में पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसी क्रम में जीडीए उपाध्यक्ष श्री नन्द किशोर कलाल द्वारा कल सायंकाल मुख्य अभियंता, संबंधित अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया गया। उपाध्यक्ष द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
यह सड़क आने वाले समय में प्रस्तावित आउटर रिंग रोड से जुड़कर एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में विकसित होगी। इसके माध्यम से शहर के आंतरिक क्षेत्रों से आउटर रिंग रोड तक यातायात का सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही, प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, जो आउटर रिंग रोड से सटा हुआ है, तक बेहतर एवं सुगम कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में भी यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आउटर रिंग रोड के विकसित होने के उपरांत इस मार्ग के माध्यम से शहर के बाहरी क्षेत्रों की ओर जाने वाला यातायात मुख्य आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरने के बजाय आउटर रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में सहायता मिलेगी तथा राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में वर्तमान में उत्पन्न होने वाले यातायात दबाव एवं जाम की समस्या में भी काफी हद तक सुधार आने की संभावना है।
सड़क को बेहतर एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से प्राधिकरण द्वारा इसके सेंट्रल वर्ज पर लगभग ₹45 लाख की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी कराया जा रहा है। इससे रात्रिकाल में इस महत्वपूर्ण मार्ग पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध होगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।
इसके अतिरिक्त सड़क के दोनों ओर भी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए प्राधिकरण द्वारा आगणन तैयार किया जा रहा है, जिसे आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत शीघ्र स्वीकृत कर कार्य कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था से संबंधित सभी कार्यों को आपसी समन्वय के साथ कराया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यह मार्ग भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाए, ताकि आउटर रिंग रोड एवं प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के साथ-साथ शहर में यातायात के सुचारु संचालन में भी इसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।



