
जीडीए उपाध्यक्ष के साथ किया औचक निरीक्षण, पेयजल, ट्रैक और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। शहर विधायक संजीव शर्मा ने बुधवार सुबह जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल के साथ नेहरू स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे लोगों से विधायक ने सीधे संवाद कर स्टेडियम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। लोगों ने पेयजल, टूटे ट्रैक और सफाई समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि स्टेडियम में सुबह बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और खिलाड़ी पहुंचते हैं। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं में कमी के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनने के बाद जीडीए उपाध्यक्ष के साथ मौके पर ही उनके समाधान को लेकर चर्चा की।
विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि नेहरू स्टेडियम क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, ट्रैक की मरम्मत और साफ-सफाई सहित अन्य कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने की बात कही। जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान जीडीए से पीयूष सिंह, गांधी नगर मंडल अध्यक्ष वरुण नागर, क्रॉसिंग मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र जाटव, पार्षद नीरज गोयल, अनुज मित्तल, व्यापारी नेता राजू छाबड़ा, विक्की वोहरा, भूषण सूरी, मनोज भाटी, मिक्की, राहुल भूटानी, उमेश भाटी, राकेश गर्ग, सचिन मयंक, आशुतोष शर्मा, मनु वशिष्ठ और राजीव सिंघल समेत क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



